आदित्यपुर : सरायकेला के ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजेश कुमार द्वारा दिये गए बयान पर प्रदेश कांग्रेस के सचिव सह जिला 20 सूत्री समिति के सदस्य सुरेशधारी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. धारी ने कहा है कि ऐसे बयानों से सरकार की बदनामी होती है. दरअसल सरायकेला ट्रैफिक थाना प्रभारी ने कहा है कि 2.45 करोड़ वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो आज के लगभग सभी प्रमुख अखबारों में उसी रूप में प्रकाशित भी हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
सुरेश धारी ने कहा कि ट्रैफिक थाना प्रभारी अपने मूल उद्देश्य से भटक गए हैं. कहा कि जिनके जिम्मे राहगीरों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है, उसमें पूरी तरह से विफल साबित हो रहे हैं और सरकार द्वारा दिये गए गोपनीय लक्ष्य को सार्वजनिक कर सरकार की बदनामी करा रहे हैं. हालांकि इस संबंध में ट्रैफिक थाना प्रभारी ने पूछे जाने पर कहा कि उनके द्वारा ऐसा बयान नहीं दिया गया है. तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर मीडिया की सुर्खियां बनाई गई हैं.



