जमशेदपुर : टाटा मोटर्स यूनियन परिसर में शुक्रवार को आयोजित समारोह में कंपनी से सेवा निवृत्त हुए पूर्व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया. इसमें अध्यक्ष गुरमीत सिंह, महामंत्री आर के सिंह, ईआर हेड सौमिक रॉय के साथ-साथ सभी ऑफिस बियरर, कमेटी मेम्बरों और आरके सिंह फैंस क्लब के लोग शामिल हुए. समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
सौमिक रॉय ने कहा कि समारोह में आकर उन्हें काफ अच्छा लग रहा है. कई कर्मचारियों ने कहा कि उनकी तीसरी पीढ़ी टाटा मोटर्स में कार्य कर रही है. एक भावनात्मक लगाव किसी कंपनी के साथ बहुत कम ही देखने को मिलता है. उन्होंने अवकाश प्राप्त कर्मियों से कहा कि वे काम से रिटायर जरूर हुए हैं, किंतु कभी भी किसी भी तरह की जरूरत में वे उनके साथ रहेंगे. महामंत्री आरके सिंह ने अवकाश प्राप्त कर्मचारियों से कहा कि आपके विचार हमारे लिए आशीर्वाद की तरह हैं. यूनियन ऑफिस का दरवाजा उनके लिए हमेशा खुला है. उन्होंने अवकाश प्राप्त कर्मचारियों के लिए जीवन की नयी, घर-परिवार की पारी में खुशहाल माहौल एवं स्वस्थ-सुखी जीवन की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने अवकाश प्राप्त कर्मियों से कहा कि वे टाटा मोटर्स के लिए बहुत ही मूल्यवान शख्सियत रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे जो धरोहर छोड़ कर जा रहे हैं, उसे संभाल कर रखना उन लोगों की जिम्मेवारी है. समारोह में उपस्थित सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सम्मान समारोह और यूनियन के कार्यों की सराहना की और ऐसे ही सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं.




