कांड्रा : सरायकेला जिले के कांड्रा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 12 घंटे से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है. विद्युत आपूर्ति में आ रही बाधा के बारे में जब विभाग के कार्यालय से लेकर लाइनमैन, कर्मचारी और जेई से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की तो किसी ने भी फोन रिसीव नहीं किया. आधी रात से ही आम उपभोक्ता बिजली काटे जाने की वजह जानने को आतुर हैं, लेकिन उन्हें किसी प्रकार की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है. इससे उपभोक्ताओं में तीव्र आक्रोश व्याप्त है. उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले दो-तीन महीने से विद्युत आपूर्ति की लचर व्यवस्था से लोग परेशान हैं. दिन में 6 से 8 घंटे तक बिजली गुल रहती है. बुधवार रात से पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित है लेकिन इसकी सुधि लेने वाला कोई नहीं. (नीचे भी पढ़ें)
विद्युत आपूर्ति की इस लचर व्यवस्था का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है. उन्हें ना तो पेयजल उपलब्ध हो पा रहा है और ना ही अन्य जरूरी कार्य ही संपादित हो पा रहे हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली विभाग नियमित रूप से उपभोक्ताओं से बिजली बिल की वसूली तो करता है लेकिन विभाग के पास मैन पावर की पूरी तरह कमी है, जिसके कारण थोड़ी सी भी त्रुटि आने पर घंटों बिजली गुल रहती है. उपभोक्ता अगर इसकी शिकायत करें भी तो कहां करें ? गुरुवार सुबह से ही कांड्रा के चौक- चौराहे पर विद्युत आपूर्ति की इस लचर व्यवस्था को लेकर लोग आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं और एक बड़े आंदोलन की सुगबुगाहट साफ नजर आ रही है.











