रांची : झारखंड के लातेहार जिले के नेतरहाट थाना अंतर्गत दुरूप पंचायत के पुरानडीह और दौना गांव में नक्सलियों ने मुखबिरी के आरोप में 5 ग्रामीणों की लाठी डंडे से जमकर पिटाई की. जिसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई. मृतक की पहचान देव कुमार प्रजापति के रुप में हुई है, जो दौना गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. नक्सलियों ने देव की लगभग डेढ़ घंटे तक निर्मम तरीके से पिटाई की और उसे अधमरा छोड़ कर चले गए. (नीचे भी पढ़ें)
परिजन देव को जैसी ही घर लाए उसकी मौत हो गई. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात हथियारबंद नक्सली दौना गांव पहुंचे और कुछ ग्रामीणों को खोजबीन कर रहे थे. तभी नक्सलियों ने इन 5 ग्रामीणों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी. नक्सलियों ने सबसे पहले पुरानडीह के बृजिया और बबलू अंसारी की पिटाई की, इसके बाद दौना गांव पहुंच कर मनराज प्रजापति, भूषण मुंडा और देव प्रजापित को पकड़ लिया. ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले भी नक्सली गांव आए थे और कुछ लोगों को खोज रहे थे. उस दिन तो नक्सली के हाथ कोई नहीं लगा तो वे खाली हाथ लौट गए थे. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है. ग्रामीण डरे हुए हैं. घटना की जिम्मेदारी कोयल शंख जोन ने स्कूल की दीवार पर लिख कर ली है.











