रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर-टोकलो रोड में 4 चार से पांच फीट नहर का अतिक्रमण हो जाने से लोगों के घरों में पानी घुस रहा है. इसको लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है. यह सिर्फ इस साल की बात नहीं है, गत वर्ष भी यही स्थिति हुई थी. उस समय भी यह बात साफ रूप से उभर कर सामने आई थी कि जब तक नहर को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया जाएगा, तब तक ये समस्या यथावत बनी रहेगी. आज 1 साल के बाद फिर वही समस्या सामने आई है. लोग काफी परेशान हैं किसी भी हालत में जल की निकासी कराने की मांग कर रहे हैं.(नीचे भी पढ़ें)
रात एवं सुबह हुई बारिश से चक्रधरपुर टोकलो रोड एवं आसपास के इलाकों के घरों में पानी घुस आने से अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. घरों में पानी घुसने के कारण लोग काफी परेशान हैं. इसको लेकर स्थानीय नगर प्रशासन भी सक्रिय हुआ है और जेसीबी लेकर कर्मचारी पहुंच गए और जलजमाव वाले इलाकों से पानी निकालने का प्रयास करते रहे. हालांकि जल जमाव का मुख्य कारण टोकलो रोड में 5 फीट की नाली के पूरी तरह अतिक्रमित कर लिया जाना है. लोगों ने नाले का अतिक्रमण कर लिया है, जिसके कारण आये दिन जल जमाव की स्थिति आती रहती है. एसडीएम रीना हांसदा ने भी जल जमाव वाले स्थानों पर पहुंच कर कर्मचारियों को अतिक्रमण हटा कर तत्काल जल निकालने के निर्देश दिए. उधर विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि अतिक्रमण मुक्त होते ही पक्की नहर बनवा देंगे. पहले की तरह इससे लोगों के खेतों की सिंचाई हो सकेगी.












