रामगोपाल जेना/ चाईबासा : चक्रधरपुर रेल मंडल के नोवामुंडी पदापहाड़ व सरबिल में थर्ड लाइन निर्माण के लिए कई लोगों की जमीन ली गई थी, किन्तु उन रैयतों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है. उन्हें मुआवजा दिने को लेकर विगत दिनों चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक ऑफिस में त्रिपक्षीय बैठक हुई थी, जिसमें मुख्य रूप से सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा, प सिंहभूम जिला के उपायुक्त, चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम के अलावा रेलवे के अन्य वरीय अधिकारी शामिल थे. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक के दौरान सांसद गीता कोड़ा ने मुआवजे के मामले के जल्द निपटारे की बात कही. सांसद गीता कोड़ा ने कहा था कि पदापहाड़ व सरबिल क्षेत्र में करीब 90 एकड़ जमीन पर स्थानीय लोगों ने दावा किया है, जिनकी जमीन थर्ड लाइन के लिए ली गयी है. लेकिन अब तक न मुआवजा मिला है और न ही नौकरी मिली है. बैठक में तय हुआ कि आगामी 27 जुलाई को जिला प्रशासन व रेल प्रशासन की ओर से दावा करने वाले रैयतों के जमीन का स्थल निरीक्षण किया जाएगा. इसे लेकर शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने नोवामुंडी पदापहाड़ और सरबिल पहुंचकर स्थानीय लोगों के साथ बैठक की, जिसमें मुआवजे से संबंधित प्रक्रिया पर चर्चा की गई.(नीचे भी पढ़ें)
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि वर्ष 2010-11 से ही यह मामला चल रहा है. इसके लिए कई बार रेल मंडल को पत्राचार किया गया था, पदापहाड़ में 68 व सरबिल में लगभग 23 ग्रामीणों ने मुआवजे के लिए दावा किया है. श्री कोड़ा ने कहा कि आगामी 27 जुलाई को पदापहाड़ व सरबिल में रेलवे व जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त सर्वे किया जाएगा. इसके बाद जो भी रिपोर्ट सामने आएगा उस पर भी निर्णय लिया जाएगा. बैठक में पदापहाड़ क्षेत्र के रैयतों ने शिरकत की.














