सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिला मुख्यालय को रिनोवेशन कर एक नया लुक देने की तैयारी की जा रही है जिसमें लगभग 100 करोड़ से अधिक खर्च किए जाएंगे. इसमें खरकाई मरीन ड्राइव, पार्क रिनोवेशन, फूड कोर्ट, वेंडिंग जोन, गुदड़ी मार्केट, मैरिज हॉल, वाटर रिजर्व पब्लिक दुर्गा पूजा मंडप, लाइट व ड्रेनेज सिस्टम के कुल 15 योजनाएं शामिल हैं. इसी कड़ी में शनिवार को मंत्री चंपई सोरेन द्वारा 7 करोड़ 63 लाख में टाउन हॉल का रिनोवेशन कार्य का शिलान्यास किया गया. सभी कार्य जुडको के मदद से किए जाएंगे. मंत्री ने शनिवार को टाउन हॉल परिसर में शिलापट खोलकर इस महत्वकांक्षी योजना का शिलान्यास किया तथा बाकी 15 योजनाओं के निर्माण को लेकर मंत्री ने माजना शिव मंदिर तथा खरकाई तक का निरीक्षण किया और जुडको के अभियंताओं एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को नगर के सौंदर्यीकरण को लेकर तैयार इन सभी योजना का डीपीआर बना कर ब्लूप्रिंट तैयार करने को कहा है.(नीचे भी पढ़े)
मंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि इन सभी योजनाओं के प्रति गहरी रूचि रखते हुए सभी योजनाओं को वे सरकार के समक्ष पास कराएंगे. मंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि 15 योजनाओं का डीपीआर तैयार किया जा रहा है. जल्द ही इन योजनाओं को सरकार से पास कराया जाएगा और सरायकेला मुख्यालय को एक नया लुक दिया जाएगा. मंत्री के पहुंचने से पूर्व ही जुडको के प्रतिनिधियों ने विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के साथ सभी योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया. मंत्री चंपई सोरेन ने सरायकेला के दुर्गा मंदिर का भी सुंदरीकरण करने का डीपीआर बनाने का निर्देश दिया. मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, गुरुप्रसाद महतो,सांसद प्रतिनिधि राज बागची, लिपू मोहांती व बड़ाबाबू सिंहदेव, दिनेश सथुआ समेत अन्य उपस्थित थे.














