जमशेदपुर : अखिल झारखंड छात्र संघ ने इंटर में छात्राओं का एडमिशन शुरू कराने सहित अन्य मांगों को लेकर जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में जोरदार हंगामा किया. विश्वविद्यालय पहुंचे छात्र संघ के कार्यकर्ताओं ने परिसर में अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की, जिसके बाद कुलसचिव राजेंद्र कुमार के साथ उनकी वार्ता हुई. किन्तु वार्ता में समस्या का समाधान नहीं होने व छात्रों के हंगामे को देखते हुए कुलपति डॉ एंजिला गुप्ता ने उन्हें वार्ता के लिए बुलाया. कुलपति के साथ हुई वार्ता में छात्र नेताओं ने स्नातक प्रथम सेमेस्टर में नामांकन के लिए फॉर्म भरनेवाली सभी छात्राओं का नामांकन करने के लिए सीटों की सीमा खत्म करने एवं विश्वविद्यालय में पूर्व की भांति इंटर में पुनः नामांकन शुरू करने की मांग उनके समक्ष रखी.(नीचे भी पढ़ें)

छात्र नेता हेमंत पाठक ने कहा कि इस वर्ष सीयूईटी छात्राओं के लिए नया है इसलिए हमारी मांग है की जितनी भी छात्राओं ने आवेदन किया है उन सभी का नामांकन सुनिश्चित किया जाय. इसके साथ ही जब सरकार ने इंटर की पढ़ाई के आदेश दे दिये हैं तो जल्द नामांकन शुरू हो, अन्यथा 72 घंटे के बाद वे लोग तालाबंदी और जोरदार आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. कुलपति एंजिला गुप्ता ने कहा कि एचआरडी से आये पत्र में विश्वविद्यालय में इंटर का नामांकन चालू करने का कोई जिक्र नहीं है. हम लोग भी छात्रों के साथ-साथ यूनिवर्सिटी के द्वारा एचआरडी को पत्र भेजा गया है और नामांकन संबंधी मामले में दिशा निर्देश मांगा जैसे ही आदेश आ जायेगा हम इंटर में नामांकन चालू कर देंगे.(नीचे भी पढ़ें)

छात्र संघ के इस आंदोलन में कोल्हान अध्यक्ष हेमंत पाठक, प्रदेश सचिव दीपक पाण्डेय, श्रेया सिंह, हिमाद्रि महतो, शाहीन सुल्ताना, स्नेहा कुमारी, खुशी दास, राजेश महतो, साहेब बागती, स्वाति कुमारी, राहुल पाठक, माही कुमारी, रीना कुमारी, संजय करुआ, अरूप मल्लिक,प्रवीण प्रसाद,रणवीर सिंह, अनिमेष कुमार, अंकित कुमार, अभिषेक यादव, राहुल गोराई, मैदुल रहमान आदि भी शामिल थे.














