
जमशेदपुर / कोल्हान : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कोल्हान जंगल में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया था. इस मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के दो जवान शहीद हो गए हैं. शहीद जवान का नाम एसआई अमित तिवारी, सब इंस्पेक्टर और गौतम कुमार, हवलदार है. वही तीन अन्य जवानों की तलाश जारी है. बताया जाता है कि मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ नक्सलियों और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ हुई जिसमें दो जवान शहीद हो गए. मुठभेड़ सोमवार की देर शाम करीब 7:00 बजे टोंटो थाना अंतर्गत तुमबाहाका और सरजमबुरू के रास्ते में होने की बात कही जा रही है. मालूम हो कि 11 अगस्त को इसी इलाके में एक करोड़ की इनामी नक्सली मिसिर बेसरा दस्ते के साथ मुठभेड़ हुई थी जिसमें पुलिस ने इस इलाके में नक्सलियों के 11 बंकर ध्वस्त कर दिए थे. (नीचे भी पढ़ें)
मुठभेड़ में पांच जवान लापता थे – मुठभेड़ के बाद पांच जवानों के लापता होने की बात भी सामने आ रही थी, मगर मुठभेड़ खत्म होने के बाद रात में करीब 12:00 बजे तीन जवान सुरक्षित बरामद कर लिए गए. जबकि झारखंड जगुआर के दो जवान मृत पाए गए. एसआई को मुठभेड़ में सात-आठ गोली लगी है, जबकि सिपाही को दो से तीन गोलियां लगी हैं. दोनों बलिदानी जवानों के शव चॉपर के माध्यम से रांची ले जाने की तैयारी चल रही है. सूत्रों के अनुसार, टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका से लेकर सरजमबुरु तक रास्ता क्लियर करने के लिए सीआरपीएफ और झारखंड जगुवार की टीमों की तैनाती इलाके में की गई है.



