
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए नया फैमिली बेनीफिट स्कीम को लागू कर दिया गया है. एक जुलाई से नया स्कीम को लागू किया गया है. बुधवार को टाटा स्टील मैनेजमेंट और यूनियन के बीच हुए समझौता के बाद इसको लागू कर दिया गया है. इसके तहत टाटा स्टील के जमशेदपुर के अलावा सभी सेंटरों के कर्मचारियों का समेकित तौर पर बेनीफिट स्कीम लाया गया है. पहले अलग-अलग लोकेशन के कर्मचारियों के लिए अलग-अलग फैमिली बेनीफिट स्कीम लागू किया गया था जबकि अभी समेकित तौर पर नया स्कीम लाया गया है. इसके तहत कर्मचारियों की किसी भी हालत में (आत्महत्या को छोड़कर) मौत होती है तो उसके परिवार को सारे कर्मचारी अपने वेतन से 50 रुपये इस स्कीम में जमा करेंगे, जिसकी पूरी राशि मिलाकर कर्मचारी के परिवार को दी जायेगी. अभी जितने कर्मचारी है, उसके तहत एक कर्मचारी की अगर मौत अभी होती है तो करीब 16 लाख रुपये तक का बेनीफिट मिलेगा. इस बेनीफिट के तहत कर्मचारियों को तत्काल एक लाख रुपये का बेनीफिट मौत के दूसरे ही दिन मिल जायेगा जबकि शेष अन्य राशि 45 दिनों के भीतर मिल जायेगी. गुरुवार को हुए इस अहम समझौता पर मैनेजमेंट की ओर से वीपी एचआरएम सुरेश दत्त त्रिपाठी के अलावा यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद थे.






