
जमशेदपुर : टाटा स्टील में सोशल डिस्टेंसिंग के बीच स्वतंत्रता दिवस मनाया गया. यहां झंडोतोलन किया गया, जिसमें काफी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया. यहां सिक्यूरिटी के लोगों द्वारा सलामी भी दी गयी. इस मौके पर कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन किया गया. टाटा स्टील के वीपी सेफ्टी, हेल्थ और सस्टेनेबिलिटी संजीव पॉल ने राष्ट्रीय ध्वज को यहां फहराया और झंडोतोलन किया. अपने संबोधन में वीपी सेफ्टी संजीव पॉल ने कहा कि आजादी की लड़ाई जिस तरह से देश में लड़ी गयी है, उसी का नतीजा है कि आज हम लोग खुले में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के नीचे सांस ले पा रहे है. वर्तमान में कोरोना काल में एक साथ मिलकर इसी भारतीय ध्वज तिरंगा के नीचे खड़े होकर कोरोना के जंग को लड़ना है क्योंकि आजादी के बाद इस तरह का संकट शायद ही कभी भारत नें देखा हो. उन्होंने कोरोना काल में टाटा स्टील को स्टेक होल्डरों द्वारा किये गये सपोर्ट की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि इस विपरित परिस्थितियों में भी सरकार और प्वशासन के सहयोग से कंपनी का उत्पादन जारी रखा गया है, जिसके लिए वे लोग सरकार और प्रशासन के प्रति आभारी है. उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जैवविविधता को बचाने की जरूरत है. जिस तरह से मौसम में बदलाव हो रहा है और पानी की कमी होती नजर आ रही है, इसको लेकर मानव समाज को इसके बारे में गंभीरता से सोचना होगा. इस दिशा में मानव समाज जरूर आगे बढ़कर कदम उठायेगी. इस मौके पर टाटा स्टील के सारे वाइस प्रेसिडेंट, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद थे.




