
जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में 2 मौत हुई है. दोनों मौत हार्ट अटैक से होने से हुई है, ऐसा बताया जा रहा है, वैसे मौत के कारणों की जांच चल रही है. यह दोनों मौत कोरोना से नहीं हुई है. यह सामान्य मौत है. पहली मौत टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में वेस्ट प्लांट एरिया में हुई. प्लांट के ओएचएस यानी प्लांट के भीतर स्थित क्लीनिक में पदस्थापित 45 वर्षीय फार्मासिस्ट राजेश कुमार की मौत काम के दौरान हो गई. बताया जाता है कि वे वेस्ट प्लांट के क्लीनिक में बैठे हुए थे. वे बैठे-बैठे ही अचेत हो गए. वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने देखा कि वह अचेत अवस्था में है, जिसके बाद उनको टीएमएस ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया. राजेश कुमार की उम्र 45 साल थी और वह एक निजी कंपनी के अधीन काम करते थे. वे टाटा स्टील के परमानेंट कर्मचारी नहीं थे. उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत के कारणों की जांच की जा रही है. वैसे इसे हार्ट अटैक से मौत बताया जा रहा है. इसी तरह टाटा स्टील के आईएल-3 स्तर के अधिकारी आशीष कुमार शर्मा की मौत हो गई. वे बिष्टुपुर थानाक्षेत्र के नार्दन टाउन के रहने वाले थे. 54 वर्षीय आशीष कुमार शर्मा को घर पर ही तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उनको टीएमएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. टीएमएच से शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है जहां जांच होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.






