जमशेदपुर : मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर 13 में शनिवार सुबह एक गंभीर हादसा हो गया. निर्माण कार्य के दौरान डिमना बस्ती निवासी राजमिस्त्री रमेश पात्रो जब निर्माण कार्य के लिए घर में बांस का भाड़ा बांध रहा था, इसी दौरान घर के ऊपर से गुजरते 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आ गया. मिली जानकारी के अनुसार घर का मालिक उसे चेतावनी देता रह गया, किन्तु रमेश ने उस ओर ध्यान नहीं दिया और उसका हाथ तार से सट गया, जिससे लगे करंट के झटके से वह नीचे आ गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
घर के मालिक और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रमेश को तुरत उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने बताया कि शुरुआती इलाज के बाद मरीज की हालत में सुधार हुआ है और अब वह स्थिर स्थिति में है. इससे रमेश का परिवार और इलाके के लोग राहत महसूस कर रहे हैं. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा असावधानी के कारण हुआ है. स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षित निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी है. अस्पताल में इलाजरत रमेश के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई जा रही है.














