रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर: पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत खुंटपानी प्रखंड के पुरुनियां पंचायत में पुस्तकालय और कोचिंग सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया है. इस संबंध में पंचायत भवन में प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कोल्हान हेल्पिंग हैंड के संस्थापक प्रकाश लागुरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए.
बैठक के दौरान प्रकाश लागुरी ने कहा कि पुस्तकालय खोलने से बड़ी संख्या में विद्यार्थी शिक्षित हो सकेंगे. साथ ही, करियर गाइडेंस के माध्यम से प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी मदद मिलेगी. मैट्रिक और इंटर के विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी. (नीचे भी पढ़े)
इसके अलावा, छठी कक्षा के बच्चों को नवोदय, एकलव्य और नेतरहाट के लिए नि:शुल्क रूप से तैयार किया जाएगा.
प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि प्रशासन विभाग में जाना चाहते हैं उनके लिए फिजिकल अकाडमी भी खोला जाएगा. साथ ही, भटके हुए युवाओं को मुख्य धारा से जोड़कर रोजगार की दिशा में भी काम किया जाएगा. ग्रामीणों का मानना है कि शिक्षा से ही सभी बुराइयों का अंत होता है और भटके हुए युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ने में मदद मिलेगी.महिला समितियों ने भी पुस्तकालय खोलने पर जोर दिया है और हर संभव आर्थिक मदद करने का वादा किया है.इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि 2 नवंबर को पुस्तकालय का उद्घाटन किया जाएगा. इस अवसर पर अयोध्या पीड़ के मनकी चंद्रशेखर होनहागा ने पुस्तकालय के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है. इस पहल से गांव में खुशी का माहौल है.














