
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर के एमजीएम अस्पताल में विभागों द्वारा जरूरत से अधिक कमरों के उपयोग का मामला सामने आया है. जांच में पाया गया है कि कुछ विभागों ने अपनी आवश्यकता से कहीं अधिक कमरे अपने कब्जे में रखे हैं, जबकि कई विभागों को अब तक एक भी कमरा आवंटित नहीं किया गया है. इस गंभीर मुद्दे पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ डी हांसदा ने तत्परता दिखाते हुए कर्मचारियों की एक टीम गठित की थी. टीम को यह जिम्मेदारी दी गई कि वे यह पता लगाएं कि किस विभाग के पास कितने कमरे हैं और कौन से विभाग बिना आवंटन के कक्षों का उपयोग कर रहे हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)
टीम ने अस्पताल के ग्राउंड, प्रथम और द्वितीय तल की जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट प्राचार्य एवं अधीक्षक को सौंप दी है. रिपोर्ट के अनुसार, करीब 20 कमरे ऐसे हैं जिन पर जरूरत से ज्यादा कब्जा किया गया है. इनमें मुख्य रूप से मेडिसिन, हड्डी रोग (ऑर्थोपेडिक्स) और महिला एवं प्रसूति विभाग शामिल हैं. वहीं दूसरी ओर, फिजियोथेरेपी जैसे नए सेंटरों को अब तक पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी है, जिससे उनके कार्य प्रभावित हो रहे हैं. प्राचार्य डॉ. हांसदा ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर अब कमरों का पुनः आवंटन किया जाएगा ताकि सभी विभागों को बराबर सुविधा मिल सके और अस्पताल की कार्यप्रणाली सुचारू रूप से चल सके. उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग को जरूरत से ज्यादा जगह रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी. जल्द ही कमरों का संतुलित पुनर्वितरण किया जाएगा.














