आदित्यपुर : सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत जेएमटी मोड़ के समीप बुधवार देर शाम करीब चार बजे अज्ञात युवकों ने एक छोटा हाथी वाहन के ड्राइवर पर हमला कर दिया. जानकारी के अनुसार, ड्राइवर बिंगो कर्मकार कंपनी से मैटेरियल लेकर जा रहा था, तभी चार युवक, जो नशे की हालत में थे, ने उसे रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी. हमलावरों ने ड्राइवर की जमकर पिटाई की और गाड़ी की चाबी छीन ली. इसके बाद वे वाहन में लदे सामान को उतारने की कोशिश करने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों की हलचल देखकर आरोपी मौके से चाबी लेकर फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
गाड़ी के मालिक रोहित महाकुड ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.














