जमशेदपुर : आज गोपाल मैदान बिस्टुपुर में 18वें स्वदेशी मेला का शुभारम्भ हुआ. राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू, टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदररामाम एवं झारखण्ड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरव तिवारी जी ने संयुक्त रूप से मेले का उद्घाटन किया. उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता सीबीएमडी के चेयरमैन मुरलीधर केडिया, स्वागत भाषण अशोक गोयल, विषय प्रवेश मनोज सिंह, स्वदेशी सन्देश बन्दे शंकर सिंह, मंच संचालन अमित मिश्रा और धन्यवाद ज्ञापन राजपति देवी ने किया. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्य अतिथि अर्जुन मुंडा ने कहा कि स्वदेशी मेला राष्ट्रीय विचारों से प्रेरित है. लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार बाजार में सामान लेने जाते है, जिसमें उनकी कामना छुपी होती है. लेकिन स्वदेशी मेले का बाजार कामना के साथ साथ भावना भी जुडी होती है. उन्होंने कहा कि भारत को आजादी तो मिली लेकिन हम आर्थिक रूप से कितने आज़ाद हैं उसका आकलन हम गांव के व्यक्ति को देख कर सकते हैं. देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हममे शोध का बोध होना चाहिए. आज इनोवेशन और नवाचार हमारे लिए बहुत आवश्यक है. यदि हमारे यहां बाहर की कम्पनियां आती हैं और व्यापार करती हैं तो उसमें भी देश बढ़ता है, लेकिन वो होरिज़ोंटल ग्रोथ होता है. लेकिन यदि हमारे भारत कि कम्पनियां बढ़ती हैं, शोध करती हैं और हम पूर्ण स्वदेशी भावना के साथ उसके उत्पाद का प्रयोग करते हैं तो देश में वर्टिकल ग्रोथ होता है. उन्होंने कहा कि देश के व्यापारियों में शोध की ललक होनी चाहिए तभी हम सबकी आत्मनिर्भरता देश कि आत्मनिर्भरता से जुड़ेगी. अंत में उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को तीन चीज़ों का स्मरण जरूर होना चाहिए हम क्या थे, क्या हैं और क्या हो पाएंगे, हम जब इसका चिंतन करते हैं तो अपने विकास के लिए सही रास्ता ढूंढ़ पाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)

टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष डीबी सुंदर रामम ने कहा कि जमशेदजी टाटा और स्वामी विवेकानन्द के बीच एक मुलाक़ात से भारत में पहली स्टील कंपनी की नींव रखी गई. टाटा स्टील अपनी क्षमता से बढ़कर समाज कि सेवा का भाव रख कर कार्य करने का प्रयास करती है. हम बाहरी कंपनियों से गुंणवत्ता में कहीं से कम नहीं है, बस जरूरत है कि वैश्विक बाजार में निरंतर अच्छी प्रतिस्पर्धा बनाये रखने में सरकार और लोगों को सहयोग बना रहे. आज चाइना में बना स्टील सस्ता इसलिए है क्योंकि उनका पूरा ट्रेडिंग वहां की सरकार देखती है. उन्होंने वर्तमान में भारत सरकार के प्रयासों कि सराहना कि जिसके वजह से आज भारतीय स्टील कंपनी का नुक्सान होने से बचा है. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू जी ने स्वदेशी मेला के 25 वर्षो के प्रयासों की सराहना की और स्वदेशी के प्रचार प्रसार के लिए आज कि सरकार भी प्रयास कर रहीं है इसका जिक्र किया. मेले में मीरा मुंडा, अनिल सिंह, शम्भूनाथ सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, जेके राजू, पंकज सिंह, अभिषेक बजाज, गुरजीत सिंह, कंचन सिंह, आशा देवी, जटाशंकर पाण्डेय, मुकेश ठाकुर, वीरेंद्र कुमार, केपी चौधरी इत्यादि उपस्थित रहे.














