गम्हरिया: शुक्रवार को एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने गम्हरिया थाना का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेखों की गहनता से जांच की गई और लंबित कांडों, वारंट, इश्तेहार और कुर्की के त्वरित निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए. पुलिस अधीक्षक ने वारंटियों और फरारियों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी अभियान चलाने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़े)
इसके साथ ही बैंक और एटीएम पर विशेष निगरानी रखने और क्षेत्र में अड्डाबाजी, अवैध गतिविधियों तथा अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सघन गश्ती करने को कहा गया. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आगामी दीपावली और छठ पूजा पर्व को देखते हुए पूरे जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखी जाए. पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना अधिकारियों और कर्मियों को सतर्क रहने और अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए भी आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए. निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, अभिलेख, ड्यूटी रोस्टर और क्षेत्रीय गश्ती योजनाओं की भी समीक्षा की गई, ताकि पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.



