जमशेदपुर : भाजपा जमशेदपुर महानगर के बिष्टुपुर मंडल की ओर से सोमवार को जीएसटी कर सुधार के संदर्भ में जीएसटी बचत उत्सव कार्यक्रम के तहत बिष्टुपुर बाजार क्षेत्र में पदयात्रा एवं संवाद कर व्यापारी बंधुओं से घटे हुए जीएसटी दरों की जानकारी साझा की और ग्राहकों तक समुचित लाभ सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया. भाजपा बिष्टुपुर मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा व अन्य नेताओं ने मुख्यरूप से भाग लिया. इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने भ्रमण कर बाजार के दुकानदारों से मुलाकात की और जीएसटी रिफार्म पर चर्चा की. उन्होंने दुकानदारों से आग्रह किया कि इस बचत उत्सव का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए. इस दौरान दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर ‘घटी जीएसटी मिला उपहार-धन्यवाद मोदी सरकार’ व ‘स्वदेशी अपनाओ’ का स्टीकर लगाया और स्वदेशी सामान बेचने का संकल्प लिया. (नीचे भी पढ़े)

व्यापारी वर्ग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्योहारी सीजन में जीएसटी सुधार देश की अर्थव्यवस्था और उपभोक्ताओं दोनों के लिए वरदान साबित होगा. इस अवसर पर झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि जीएसटी रिफार्म से दुकानदारों और उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली है. आज व्यापारी वर्ग से लेकर उपभोक्ता तक सभी स्वदेशी अपनाने की बात कर रहे हैं और यही बदलते भारत की तस्वीर है. कहा कि दीपावली के अवसर पर बाजारों में उत्साह का माहौल दिख रहा है, जो केंद्र सरकार के सुधारात्मक कदमों का परिणाम है. आज देश का व्यापारी और उपभोक्ता दोनों ही आत्मविश्वास से भरे हैं और स्वदेशी को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में योगदान दे रहे हैं. वहीं, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्थानीय और स्वदेशी उत्पाद ही खरीदें. कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के जीएसटी रिफार्म के बाद दवाई, इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन, सीमेंट, पेंट, जूते, डेयरी प्रोडक्ट, खाद्य सामग्री, चिकित्सा उपकरण, कपड़े, स्टेशनरी जैसे 375 से अधिक सामानों के दाम कम हुए हैं. इसका लाभ उपभोक्ताओं को सीधे मिल रहा है. लिहाजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने त्यौहार से पहले देशवासियों को डबल डिस्काउंट का तोहफा दिया है. इस अवसर पर जमशेदपुर महानगर उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, राजीव सिंह, बिष्टुपुर मंडल प्रभारी शैलेन्द्र राय, हरिकिशोर तिवारी, मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, किशोर ओझा, राकेश, बलराम, राजकुमार साह, सन्नी सिंह, आलोक दुबे, प्रदीप सोनकर, श्याम सिंह, राम महानंद व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.



