जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती में ड्यूटी के दौरान घायल हुए होमगार्ड जवान जवाहर पासवान की इलाज के दौरान मौत हो गयी. सोमवार को टीएमएच में उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर मिलते ही होमगार्ड विभाग में शोक की लहर दौड़ गयी. पार्थिव शरीर को गरमनाला स्थित होमगार्ड कार्यालय लाया गया, जहां जवानों ने सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर होमगार्ड अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे. जवाहर पासवान वर्तमान में बिष्टुपुर ट्रैफिक थाना में चालक के पद पर पदस्थापित थे.(नीचे भी पढ़े)
दूसरी ओर, मौत पर भाजपा नेता अंकित आनंद ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल ट्विटर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ और पुलिस मुख्यालय को टैग करते हुए लिखा कि सरकार मृतक के परिजनों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दे. श्री आनंद ने कहा कि ट्रैफिक जांच के दौरान पुलिसकर्मियों को उचित सुरक्षा संसाधन और बैरिकेड की व्यवस्था होनी चाहिए. उन्होंने इसे मानवाधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर चिंता जताई और कहा कि कर्तव्यनिष्ठ जवान की प्राणांत घटना अत्यंत अफसोसजनक है.



