जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा लुपुग टोला निवासी बुधान मार्डी को अपने घर की इज्जत बचाने की कीमत जानलेवा हमले के रूप में चुकानी पड़ी. आरोप है कि जब बुधान ने अपने भाई की विधवा पत्नी के साथ चल रहे अवैध संबंध का विरोध किया, तो राहरगोड़ा क्रिश्चियन बस्ती निवासी विजय टोपनो ने उस पर थर्मोकोल कटर से हमला कर दिया. इस हमले में बुधान गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके जबड़े के पास गहरा जख्म आ गया. घटना सोमवार रात करीब आठ बजकर दस मिनट की है, जब बुधान ड्यूटी से घर लौट रहा था. रास्ते में विजय टोपनो ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए बहस करने लगा. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान उसने पास में रखे थर्मोकोल कटर से वार कर दिया. घायल अवस्था में बुधान किसी तरह परसुडीह थाना पहुंचा और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपी विजय टोपनो को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. वहीं, घायल बुधान का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है.














