रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार ने शनिवार को रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से स्थानीय गुरुद्वारा परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में हिस्सा लिया. शिविर में पहुंचने पर आयोजकों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंग वस्त्र प्रदान कर उनका अभिनंदन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान उपायुक्त ने आयोजकों को स्वैच्छिक रक्तदान एवं जागरूकता शिविर के आयोजन के लिए बधाई दी, साथ ही रक्तदान शिविर के आयोजन को मानव कल्याण की दिशा में एक उत्कृष्ट पहल बताया. उपायुक्त चंदन कुमार ने शिविर में स्वयं तो स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया ही, साथ ही आम लोगों का भी चिकित्सीय सलाह के अनुसार नियमित अंतराल पर रक्तदान करने के लिए आह्वान किया. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने कहा कि वे नियमित अंतराल पर निरंतर रक्तदान करते हैं. उन्होंने कहा कि रक्तदान एक सुरक्षित प्रक्रिया है और रक्तदान से बड़ा दान कुछ भी नहीं हो सकता. उन्होंने कहा, हमारा दान किया हुआ रक्त, किसी का जीवन बचा सकता है. इसलिए आवश्यक है कि हम सभी व्यक्ति स्वैच्छिक रक्तदान कर स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करें. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जगन्नाथ हेंब्रम, रोटरी क्लब चाईबासा के अध्यक्ष विकास दोदराजका, रोटरी क्लब से गुरमुख सिंह खोखर, सुशील मूंधड़ा, मदन गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.




