जमशेदपुर : ट्रेनों से कटकर हाथियों की होने वाली मौत को लेकर किये गये कवायद का सकारात्मक असर देखने मिला. शुक्रवार 31 अक्टूबर को दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा एरिया के बिसरा व डी सेक्शन में करीब 22 हाथियों का एक झुंड आ गया. हाथियों ने करीब आधे घंटे तक डेरा जमाये रखा. इस दौरान ट्रेनों के परिचालन को रोक दिया गया. रेलवे ने काफी सतर्कता बरती, जिसके बाद रेलवे ट्रैक पर डेरा जमाये हाथियों की जान बच सकी नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. इसको लेकर रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने काफी सतर्कता बरती और फिर सभी ट्रेनों को रोका. करीब 12 से अधिक ट्रेनों का परिचालन इससे प्रभावित रहा और ट्रेनों को रोका गया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके तहत टाटानगर बिलासपुर एक्सप्रेस, हावड़ा मुंबई मेल, ज्ञानेश्वर एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस ट्रेन को अप लाइन में रोक दिया गया. इस दौरान यात्रियों को जानकारी दी गयी कि ट्रेनों को क्यों रोका गया है. इसके अलावा डाउन लाइन में आजाद हिंद एक्सप्रेस ट्रेन, लोकमान्य तिलक टर्मिनस शालिमार एक्सप्रेस ट्रेन, अलापुज्जा धनबाद एक्सप्रेस, एरनाकुलम टाटानगर एक्सप्रेस, बिलासपुर टाटानगर एक्सप्रेस, इतवारी जयनगर स्पेशल फेयर फेस्टिवल स्पेशल, मुंबई हावड़ा मेल और मुंबई हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया गया. ट्रेनों को तब तक रोका गया जब तक रेलवे ट्रैक से हाथियों को हटाया नहीं गया. गौरतलब है कि ट्रेनों की चपेट में आने से लगातार हाथियों की मौत होती रही है. इसको लेकर रेलवे को सतर्क किया गया है और नयी तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.




