चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत के पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे और पहाड़ तथा जंगलों से घिरे बीहड़ गांव पोचापानी में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की लापरवाही से पिछले एक साल से ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं. मुख्यमंत्री जन जल योजना के तहत स्थापित सोलर जल मीनार पिछले एक साल से खराब है. ग्रामीण खाल का दूषित पानी पीने के लिए मजबूर हैं. खाल का पानी पीने से डायरिया फैलने का भी खतरा है. विभाग के अधिकारियों की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है. गांव के वकील सोरेन, मेघराई मांडी, पृथो मांडी, लसो मांडी, बोका सबर, कुनी सबर, रामचंद सबर, गुरुवारी सबर, धुनू राम मांडी, सरस्वती मांडी, नारायण मांडी, साकरो मांडी, सारो मांडी, सुबल सबर, रूबी सबर, देवा सबर, चंद्र सबर और ख़ेपा सबर ने बताया कि जलमीनार खराब होने से टोला के करीब 10 परिवार पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
ऐसे में यहां के ग्रामीण खाल का पानी पीने के लिए मजबूर है. उन्होंने कहा कि खाल का पानी भी पीने योग्य नहीं है. ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नहाने के लिए उन्हें लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित तालाब में जाना पड़ता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जल मीनार को दुरुस्त करने की मांग की है ताकि वे शुद्ध पेयजल पा सकें. इस संबंध में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता भागीरथ रवानी ने कहा कि जलमीनार को जल्द से जल्द बनाने का प्रयास किया जाएगा.














