जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित नवजीवन कॉम्पलेक्स में कुत्ते को लेकर हुए विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया है. विवाद के बाद एक महिला को दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़िता ने बिरसानगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. घटना 8 नवंबर की है, जबकि मामला 10 नवंबर को थाने पहुंचा. पुलिस ने आवेदन प्राप्त होते ही जांच शुरू कर दी है. प्राथमिकी में चार लोगों को आरोपी बनाया गया है नीरज मिश्रा, मौसमी सिन्हा, तन्नु दत्ता और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है. सभी आरोपी नवजीवन कॉम्पलेक्स के ही निवासी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता के अनुसार, उसके पालतू कुत्ते को लेकर विवाद की शुरुआत हुई थी. इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए न सिर्फ दुष्कर्म की धमकी दी, बल्कि जान से मारने की चेतावनी भी दी. शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तब जाकर आरोपी वहां से भाग खड़े हुए. थाना प्रभारी ने बताया कि महिला का आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले की जांच शुरू कर दी गयी है और पीड़िता का बयान दर्ज किया जा रहा है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह विवाद पहले भी कई बार छोटी-मोटी कहासुनी तक सीमित रहा था, लेकिन इस बार मामला धमकी और अभद्रता तक पहुंच गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों को जांच में शामिल किया गया है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.




