आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया के शांतिनगर में सोमवार की शाम एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 28 वर्षीय शंभु सिंह के रूप में हुई है. शंभु पुट्टी-पेरिस का काम करता था. जानकारी के अनुसार, शंभु अपने घर पर अकेले रहता था, जबकि उसकी दोनों बहनें हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती हैं. परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार दोपहर शंभु का पड़ोसियों से झगड़ा हुआ था. इसके बाद शाम को उसने शराब पी और अपने कमरे में चला गया. देर शाम जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों ने झांककर देखा तो वह फंदे से लटका हुआ था. (नीचे भी पढे़ं)
तत्काल स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतारा और गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. एमजीएम अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद शंभु को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया. मौसा कमलेश सिंह ने बताया कि शंभु बीते कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था और अक्सर अकेले में रहता था. वहीं पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है पुलिस ने घटना के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है.



