सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के चिल्गू में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, चार युवक अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चांडिल की ओर जा रहे थे. इसी दौरान चिल्गू के पास एक बाइक सवार युवक की मोटरसाइकिल जमशेदपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शी शेखर गांगुली ने बताया कि मृतक के तीन साथी युवक भी साथ में थे, लेकिन हादसे के बाद वे डर के मारे मौके से भाग गए और घायल साथी की मदद नहीं की. सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने ट्रेलर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि चिल्गू पुलिया पिछले एक साल से बंद होने के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे हादसे आम हो गए हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर लगाने और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और युवक की पुलिस पहचान करने में जुड़ गई है.














