जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कीताडीह स्थित सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल के चौथी कक्षा के छात्र नवनीत कुमार (13) द्वारा अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. जिला शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि घटना से कुछ घंटे पहले नवनीत का स्कूल में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के बाद स्कूल प्रिंसिपल ने उसे कार्यालय में बुलाकर फटकार लगाई थी.नवनीत के परिवार ने दावा किया है कि उसके हाथ पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि स्कूल में किसी से झड़प हुई थी. परिजनों के अनुसार, उसके दोस्तों ने भी विवाद की पुष्टि की है. पिता तुलसी कुमार ने बागबेड़ा पुलिस से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन को विवाद की जानकारी थी, फिर भी आवश्यक कदम नहीं उठाए गए.(नीचे भी पढ़े)
घटना के दिन नवनीत दोपहर एक बजे स्कूल से लौटकर घर आया था. उस समय पिता घर में काम कर रहे थे और छोटी बहन बाहर खेल रही थी. नवनीत अपने कमरे में चला गया और कुछ ही समय बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बहन खेलने के दौरान कमरे में गई तो उसने भाई को फंदे पर लटका देखा.परिवार तत्काल उसे टीएमएच लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.जिला शिक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने कहा कि आज के समय में बच्चों की मानसिक स्थिति को समझना बेहद जरूरी है. छात्रों से जुड़ी हर परिस्थिति को संवेदनशीलता के साथ देखने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी.अभिभावक संघ के अध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार ने कहा कि हंसते-खेलते परिवार का यूं उजड़ जाना चिंताजनक है. बिना गंभीर कारण के कोई बच्चा इतना बड़ा कदम नहीं उठा सकता. उन्होंने प्रशासन और शिक्षा विभाग से घटना की गहराई से जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है.














