चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो में स्थित सागर बांध के पास की जलमीनार पिछले सात माह से खराब है. जिसके कारण वार्ड संख्या दो और तीन के लगभग 70 परिवारों को पीने के पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों को मजबूरी में लगभग 500 मीटर दूर स्थित बाजार से पेयजल लाना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि सोलर जलमीनार खराब होने के कारण ग्रामीण नहाने के लिए सागर बांध का इस्तेमाल कर रहे हैं. जिससे स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ गई हैं. (नीचे भी पढ़े)
समस्या से परेशान सुनील मिश्रा, बंकिम बेरा, केशव बेरा, पिकलु बेरा समेत टोला के कई ग्रामीण गुरुवार सुबह विधायक समीर कुमार मोहंती के पास पहुंचे और उन्हें पूरी समस्या से अवगत कराया. विधायक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल नगर पंचायत के प्रशासक मोटाय बानरा को इसकी जानकारी दी और जल्द से जल्द जलमीनार को दुरुस्त करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़े)
प्रशासक मोटाय बानरा के निर्देश पर नगर प्रबंधक अनंत खलखो, प्रभात मिंज, कनीय अभियंता रोहित लकड़ा और असीम नाथ नामोपाड़ा पहुंचे और ग्रामीणों से मिलकर खराब जलमीनार का जायजा लिया. नगर प्रबंधक अनंत खलखो ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जलमीनार को एक माह के अंदर दुरुस्त कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि जब तक जलमीनार की मरम्मत नहीं हो जाती तब तक नगर पंचायत प्रशासन द्वारा टैंकर से पेयजल की व्यवस्था की जाएगी.



