जमशेदपुर : जनता दल यूनाइटेड, पूर्वी सिंहभूम की ओर से पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव की अगुवाई में मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया, ज्ञापन में मानगो नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त बुनियादी नागरिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए त्वरित सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की गई. जदयू नेताओं ने कहा कि मानगो क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से खराब सड़कों, जाम नालियों, अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था, अनियमित कचरा उठाव और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन नगर निगम द्वारा प्रभावी कार्रवाई अब तक नहीं की गई है. ज्ञापन में मुख्य रूप से विस्तृत जानकारी एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की गई, जिसके तहत सड़कों, नालों और नालियों की मरम्मत व निर्माण की वर्तमान स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना, खराब स्ट्रीट लाइटों के बदलने और नई स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया व समयसीमा, घर–घर कचरा उठाव की नियमितता, वाहन उपलब्धता और मॉनिटरिंग सिस्टम, सड़क किनारे जमा कचरे के नियमित उठाव व निष्पादन के लिए टीम व समय-सारणी, नगर निगम की जवाबदेही प्रणाली, निगरानी टीम और अधिकारियों की जिम्मेदारी और मानगो क्षेत्र के लिए आगामी एक वर्ष की विकास कार्ययोजना शामिल है. (नीचे भी पढे़ं)

पेयजल आपूर्ति योजना पर भी हुई विशेष चर्चा. जदयू नेताओं ने मानगो पेयजल आपूर्ति योजना की लगातार अव्यवस्थित स्थिति पर भी नगर आयुक्त से वार्ता की. नगर आयुक्त ने बताया कि पेयजल परियोजना में पाई गई विसंगतियों को दूर करने के लिए सभी पाइपलाइनों का विस्तृत सर्वे बहुत जल्द प्रारंभ किया जाएगा. पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु नए मोटर पंप खरीदने की प्रक्रिया जारी है जल्द ही नई मोटर सेट लगाकर जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे. जदयू नेताओं ने क्षेत्र में बढ़ते आवारा पशुओं से हो रहे खतरे की ओर भी नगर निगम का ध्यान आकर्षित किया. इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि जिला स्तर पर एक विशेष कमेटी का गठन किया जा चुका है. बहुत जल्द पूरा सर्वे कर आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. जदयू नेताओं ने कहा कि ये सभी मुद्दे सीधे आम नागरिकों की दैनिक समस्या से जुड़े हुए हैं, इसलिए नगर निगम को इन पर स्पष्ट, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई करनी ही होगी. इस दौरान मुख्य रूप से जदयू जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू, प्रदेश युवा महासचिव पप्पू सिंह, कन्हैया ओझा, मृत्युंजय सिंह, आकाश शाह, पिंटू सिंह, विकास साहनी, निसार अहमद, संतोष भगत, अशोक सिंह, संजीव सिंह, विनोद सिंह, लालू गॉड, मनोज गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे.



