जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के चर्चित प्रदीप साव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चापड़ और खून से सने जले कपड़े बरामद करने के साथ-साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले का एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी लोकेशन पुलिस ने ट्रेस कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है.गिरफ्तार आरोपियों में शंकोसाई रोड नंबर 1 श्यामनगर का रूपेश कुमार उर्फ बेला (22), सोनू गोराई (32), शिबू गोराई उर्फ कंचू गोराई (26), शंकोसाई रोड नंबर 5 का ललित सिंह उर्फ लुधु उर्फ बाबू (19), कुंदन सिंह उर्फ कुंदन पोलियो (30) और उलीडीह रोड नंबर 5 बिरसा मैदान का रवि उरांव उर्फ लाला (29) शामिल हैं. सभी को पूछताछ के बाद जेल भेजा गया. पुलिस के अनुसार प्रदीप और आरोपियों के बीच कोई बड़ा विवाद नहीं था. (नीचे भी पढ़े)
सिर्फ देख लेने जैसी मामूली बात को लेकर आरोपियों ने प्रदीप को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली. सभी ने मिलकर उसे नदी किनारे बुलाया और योजनाबद्ध तरीके से चापड़ से हमला कर हत्या कर दी. इसके बाद शव को नदी में फेंक दिया गया.जांच के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई कि इतनी छोटी सी बात पर इतनी क्रूर हत्या की योजना बनाई जा सकती है. जांच में यह भी सामने आया कि प्रदीप का नीक नाम ‘आतंक’था और बस्ती में वह इसी नाम से पहचाना जाता था. वह पूर्व में जेल जा चुका था. गिरफ्तार सभी आरोपी भी पहले जेल की हवा खा चुके हैं.उलीडीह थाना प्रभारी रविंद्र पांडेय ने बताया कि प्रदीप कुछ दिनों से लापता था. खोजबीन और जांच के दौरान पूरी घटना हत्या में बदलती नजर आई, जिसके बाद पुलिस को अपने ही बयान पर हत्या का मामला दर्ज करना पड़ा. पुलिस ने बताया कि अभी एक आरोपी आकाश सिंह उर्फ उकूल फरार है, जो शंकोसाई रोड नंबर 5 टावर मैदान के पास का रहने वाला है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार प्रयासरत है.



