सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रापचा मोड़ के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार के कारण एक और गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई. पावर ग्रिड के सामने बालू लदी हाइवा और 407 ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में 407 ट्रक चालक बुरी तरह घायल हो गया, जबकि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. घटना सुबह करीब 8 बजे की है, जब तेज गति से पीछे से आ रही 407 ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे हाइवा के पिछले हिस्से से जा भिड़ी. सह-चालक रिंकू सिंह ने बताया कि वाहन काफी रफ्तार में था और ओवरटेक करने के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा. टक्कर इतनी तेज थी कि चालक स्टीयरिंग और वाहन की मेटल शीट्स के बीच फंस गया. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर उसे बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में टीएमएच जमशेदपुर भेजा, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है. ग्रामीणों ने बताया कि रापचा मोड़ पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कोई प्रभावी सुधार नहीं हुआ है. उधर, सूचना पाते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और गलत ओवरटेकिंग ही दुर्घटना का कारण प्रतीत होता है. चालक के बयान के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी.



