जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान से देर रात गेट और ग्रिल एंगल की चोरी की घटना को पुलिस ने महज़ कुछ घंटों में सुलझा लिया. गुरुवार की सुबह पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया. अब सभी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है. गिरफ्तार आरोपियों में परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा निवासी संजय गोप, वहीं जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास के रहने वाले निरज कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ बिल्ला, और प्रेम कुमार शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त डाला टेंपो, साथ ही घर का गेट और ग्रिल एंगल भी बरामद कर लिया है. (नीचे भी पढे़ं)
इस चोरी का उद्भेदन पुलिस ने बेहद अनोखे तरीके से किया. घटना के समय किसी स्थानीय व्यक्ति ने टेंपो पर लोड किए जा रहे सामान और आरोपियों की स्पष्ट तस्वीर खींच ली थी. तस्वीर में सभी आरोपी साफ नजर आ रहे थे. यही फोटो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई. तस्वीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल पहचान कर छापेमारी शुरू की और सुबह-सुबह सभी आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे निर्माणाधीन मकान में घुसकर कीमती गेट और ग्रिल एंगल चोरी कर ले जा रहे थे. वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की और कहा कि ऐसी त्वरित कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में भय पैदा होगा. पुलिस अब सभी आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है.



