रामगोपाल जेना/चाईबासा : ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ के तहत ‘सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन’ थीम पर आधारित अभियान के दूसरे दिन आज पुलिस प्रशासन के सहयोग से मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व मे सरायकेला मोड़ के पास ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करनेवालों को गुलाब देकर एवं माला पहना कर ट्रैफिक नियमो के पालन के लिए प्रोत्साहित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान के तहत थाना प्रभारी ने गांधीवादी तरीका अपनाते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया. सड़क पर जो वाहन चालक हेलमेट और सीट बेल्ट लगाकर नियमों का पालन करते नहीं दिखे, उन्हें थाना प्रभारी ने गुलाब का फूल देकर ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए कहा एवं उन्हें सुरक्षा के प्रति आगाह किया. इसके साथ ही उन्होंने अपील की कि दुर्घटनाएं ‘किस्मत’ से नहीं, बल्कि ‘लापरवाही’ से होती हैं. थाना प्रभारी ने दो टूक शब्दों में कहा, “जिंदा हैं, तो सुरक्षा का अहसास जरूरी है. यह सोचना छोड़ दें कि किस्मत होगी तो बच जाएंगे; किस्मत के भरोसे नहीं, समझदारी के भरोसे चलें.”















