चांडिल : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में बुधवार को पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिंह एवं चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने पूजा समिति के सदस्यों के साथ चांडिल थाना क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान शहरबेड़ा क्षेत्र स्थित स्वर्णरेखा नदी छठ घाट, शहरबेड़ा विश्वास घाट तथा जायदा मंदिर के समीप स्वर्णरेखा नदी घाट का जायजा लिया गया. निरीक्षण में पूजा समिति के सदस्य रामायण यादव, मनोज राय सहित अन्य लोग मौजूद थे. पुलिस अधिकारियों ने घाटों पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, नदी के जलस्तर, तेज जल प्रवाह और पानी की गहराई का निरीक्षण किया. साथ ही पूजा समितियों को सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. (नीचे भी पढ़ें)

विश्वास घाट पर छठ पूजा की अनुमति नहीं : पिछले वर्ष शहरबेड़ा स्थित विश्वास घाट पर हुई घटना और इस बार नदी के तेज बहाव एवं अत्यधिक गहराई को देखते हुए प्रशासन ने इस घाट को खतरनाक घोषित किया है. वरीय अधिकारियों के निर्णय के अनुसार इस वर्ष यहां छठ पूजा का आयोजन नहीं किया जाएगा. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 14 नवंबर से 16 नवंबर की सुबह तक घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद रखा जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने पूजा समिति के सदस्यों से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को जागरूक करने की अपील की है. साथ ही छठ व्रतियों से खतरनाक घोषित घाट पर पूजा नहीं करने और सुरक्षित घाटों का चयन करने का आग्रह किया है.












