जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह में संपत्ति विवाद को लेकर एक बार फिर पारिवारिक हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है. सौतेले भाई द्वारा छोटे भाई और उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए घायल दंपति ने एसपी कार्यालय पहुंच वरीय पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा व आरोपी की गिरफ्तारी की गुहार लगाई. पीड़ित सैफ अली खान और उनकी पत्नी सानिया परवीन ने आरोप लगाया कि वे अपने सौतेले भाई सरफराज खान के साथ धातकीडीह रज्जाक कॉलोनी स्थित केके अपार्टमेंट में रहते हैं. सरफराज खान आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और हथियार का भय दिखाकर संपत्ति हड़पने का लगातार प्रयास कर रहा है. इसी विवाद को लेकर आए दिन मारपीट और धमकी दी जाती रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ितों के अनुसार, 8 दिसंबर को भी सरफराज ने उन पर जानलेवा हमला किया था. किसी तरह अपनी जान बचाकर वे बिष्टुपुर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई, लेकिन एफआइआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इससे आरोपी के हौसले और बुलंद हो गए. हालिया घटना में सैफ अली पर धातकीडीह मैदान में आयोजित एक टूर्नामेंट के दौरान सरफराज खान ने लोहे के रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इसके बाद आरोपी ने सैफ के घर जाकर उनकी पत्नी सानिया परवीन पर भी हमला किया और मौके से फरार हो गया. घटना के बाद एक बार फिर बिष्टुपुर थाना में सरफराज के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
घायल पति-पत्नी ने एसपी कार्यालय पहुंचकर वरीय अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी और आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है. उन्होंने आरोपी सरफराज खान की अविलंब गिरफ्तारी, सुरक्षा मुहैया कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की.फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी होने की बात कह रही है, वहीं पीड़ित परिवार कार्रवाई को लेकर अब भी असुरक्षित महसूस कर रहा है.















