जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत गोपाल मैदान में टुसू मेला के दौरान बुधवार देर शाम चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. इस घटना में सोनारी के रुपनगर निवासी प्रेम और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक किसी काम से गोपाल मैदान क्षेत्र में मौजूद थे, तभी कदमा के रुपनगर इलाके के रहने वाले कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया.देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.(नीचे भी पढ़े)
हमले में प्रेम के पेट और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि संदीप के सीने और पीठ पर वार किए गए. खून से लथपथ दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए प्रेम को टीएमएच पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं,अत्यधिक गंभीर स्थिति में संदीप को आनन फानन में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने में जुटी हुई है.(नीचे भी पढ़े)
घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया. राहगीरों और दुकानदारों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और प्रारंभिक बयान दर्ज किए. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.(नीचे भी पढ़े)
फिलहाल दोनों घायलों की हालत पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. घटना के कारण क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.











