चाकुलिया : चाकुलिया के डाक बंगला परिसर में नेताजी सुभाष पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में शुक्रवार, 23 जनवरी से नौ दिवसीय 21वां नेताजी सुभाष मेला सह गूंज महोत्सव आरंभ होगा. मेले की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इसके लिए डाक बंगला परिसर में भव्य पंडाल का निर्माण अंतिम चरण में है. गुरुवार को नेताजी सुभाष पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी के मुख्य संरक्षक सह स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती ने तैयारियों का जायजा लिया. लगातार नौ दिन तक यहां विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
उद्घाटन के दिन, शुक्रवार को सुबह 11 बजे नेताजी सुभाषचंद्र बोस की 129वीं जयंती पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं पूजा अर्चना और पुष्प अर्पित कर, कृषि, हस्तकला प्रदर्शनी, 12 बजे शोभायात्रा, शाम छह बजे उद्घाटन समारोह तथा गीत संगीत का कार्यक्रम आयोजित होगा. गूंज महोत्सव के उद्घाटन में मुख्य अतिथि के रूप में बांग्ला सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री नुसरत जहां शिरकत करेंगी. इसकी तैयारियों में सोसाइटी के पदाधिकारी और सदस्य जुटे हैं. स्थानीय विधायक सह सोसाइटी के मुख्य संरक्षक समीर कुमार मोहंती ने गूंज महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है.



