बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुरिया क्षेत्र में जियो मोबाइल नेटवर्क की कमजोर रेंज और बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद इंटरनेट सेवा प्रभावित होने की शिकायत सामने आई है. स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की रेंज काफी कम है. वहीं बिजली कटने के बाद इंटरनेट सेवा का इस्तेमाल करने में परेशानी होती है. हालांकि इस दौरान मोबाइल से फोन कॉल हो पाता है. (नीचे भी पढ़ें)
ऑनलाइन कामकाज में हो रही परेशानी : उपभोक्ताओं के अनुसार, कमजोर नेटवर्क और इंटरनेट सेवा में बार-बार आने वाली बाधा के कारण ऑनलाइन भुगतान, डिजिटल बैंकिंग, विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई और इंटरनेट आधारित अन्य कार्य प्रभावित होते हैं. मोबाइल इंटरनेट पर निर्भर लोगों को जरूरी काम पूरा करने में कठिनाई होती है. उपभोक्ताओं का कहना है कि रिचार्ज कराने के बावजूद उन्हें अपेक्षित नेटवर्क सेवा नहीं मिल पा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
सुधार नहीं होने पर कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी : नेटवर्क संबंधी समस्या से परेशान उपभोक्ताओं ने जियो प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक सुधार करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे मानुषमुरिया स्थित जियो कार्यालय में तालाबंदी करने पर बाध्य होंगे. उपभोक्ताओं ने कहा कि कंपनी को नेटवर्क की गुणवत्ता और इंटरनेट सेवा में सुधार के लिए पहल करनी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
नेटवर्क कवरेज और बैकअप व्यवस्था की जांच की मांग : स्थानीय उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में नेटवर्क कवरेज की समीक्षा करने और बिजली कटने के दौरान इंटरनेट सेवा प्रभावित होने के कारणों की जांच करने का आग्रह किया है. उनका कहना है कि मोबाइल टावर की तकनीकी व्यवस्था और बैकअप प्रणाली की जांच कर आवश्यक कदम उठाये जाने चाहिए, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी इंटरनेट सेवा उपलब्ध रह सके.





