जमशेदपुर : सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/ तुलसी भवन द्वारा आयोजित संस्थान के मुख्य सभागार में दो दिवसीय “वसंतोत्सव-2026” आरंभ हुआ. इस अवसर पर पहले दिन नगर के सुप्रसिद्ध तबला वादक केशव रंजन चक्रवर्ती को “सारस्वत कला साधक शिरोमणि सम्मान – 2026” प्रदान किया गया. इसके अन्तर्गत उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, श्रीफल, सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न एवं 11000/- रुपये की नगद राशि प्रदान की गई. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान द्वारा संचालित साहित्य समिति की मार्गदर्शिका डॉ रागिनी भूषण ने की, जबकि संचालन राजेन्द्र साह राज ने किया. संस्थान के मानद महसचिव डॉ प्रसेनजित तिवारी ने आगत अतिथियों का स्वागत किया. मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश संघ के अध्यक्ष अखिलेश दुबे, अखिल भारतीय साहित्य परिषद् के प्रदेश अध्यक्ष अशोक सिंह, आप्टे फाउंडेशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश तिवारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता पूर्वी घोष उपस्थित रहे. उपस्थित अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम के अन्तर्गत गायन एवं बांसुरी की जुगलबंदी में वीरेन्द्र उपाध्याय तथा अशोक दास के साथ तबला पर स्वरूप मोइत्रा, आकाश रंजन और प्रमोद बारिक के तबले पर जुगलबंदी, शास्त्रीय गायन में तबले पर प्रदीप भट्टाचार्य और हारमोनियम पर आदित्य कुमार के अलावा हारमोनियम और तानपुरा की जुगलबंदी में अनिल सिंह एवं रोहित उपाध्याय ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया.इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ रागिनी भूषण, वीणा पाण्डेय ‘भारती’, माधवी उपाध्याय, वसंत जमशेदपुरी, उपासना सिन्हा, नीलाम्बर चौधरी, निशांत सिंह, पूनम महानंद, सूरज सिंह राजपूत, शुभम कुमार पाण्डेय सहित शताधिक साहित्यकारों व संगीत प्रेमियों की उपस्थिति रही.



