रामगोपाल जेना / चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा प्रमंडल में ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत कार्यपालक अभियंता का पद पिछले दो माह से रिक्त रहने के कारण विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं. इस गंभीर समस्या को लेकर झारखंड विधानसभा के उप मुख्य सचेतक एवं जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू ने ग्रामीण कार्य विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है. विधायक सोनाराम सिंकू ने पत्र में उल्लेख किया है कि पूर्व में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता के स्थानांतरण के बाद अब तक न तो किसी नए अभियंता की नियुक्ति की गयी है और न ही किसी को प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है. इसके चलते जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया सहित अन्य विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला पहले से ही भौगोलिक दृष्टि से पिछड़ा क्षेत्र है, ऐसे में तकनीकी पदों का रिक्त रहना विकास की गति को और धीमा कर रहा है. विधायक ने मांग की है कि जिले के विकास हित में अविलंब किसी योग्य अभियंता की नियुक्ति की जाए या वैकल्पिक व्यवस्था के तहत किसी कार्यपालक अभियंता को प्रभारी बनाया जाए. सोनाराम सिंकू ने उम्मीद जताई है कि विभाग इस गंभीर विषय पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रुके विकास कार्य दोबारा प्रारंभ हो सकें.




