चाकुलिया: चाकुलिया थाना परिसर में मंगलवार को होली और ईद के त्यौहारों के मद्देनजर शांति समिति की एक बैठक अंचल अधिकारी नवीन पुरती की अध्यक्षता में हुई. इस बैठक में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, आपसी एकता और भाईचारे के साथ पर्व मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया. बैठक में सीओ नवीन पुरती ने कहा कि होली रंगों का और खुशियों का त्यौहार है जिसे सभी समुदायों को मिलजुल कर मनाना चाहिए. समिति के सदस्यों ने प्रशासन से मांग की कि पर्व के दौरान क्षेत्र में निर्बाध बिजली और पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. (नीचे भी पढ़े)
ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो.चर्चा के दौरान स्थानीय नागरिकों और ग्राम प्रधानों ने एक गंभीर सुरक्षा मुद्दे की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया. सदस्यों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से प्रखंड के विभिन्न गांवों में रात के समय संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे जा रहे हैं. उन्होंने इस पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस से जांच की मांग की है कि ये ड्रोन कौन और किस उद्देश्य से उड़ा रहा है. इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में फैल रही बच्चा चोरी की अफवाहों पर भी विस्तृत चर्चा की गयी. प्रशासन ने निर्णय लिया है कि इन अफवाहों को रोकने के लिए ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों के साथ मिलकर विशेष बैठकें की जाएंगी और माइकिंग के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)
बैठक में प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय, उप प्रमुख कविता साव और नगर पंचायत प्रशासक मोटाय बानरा ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया. बैठक का संचालन रविंद्र नाथ मिश्रा ने किया. थाना प्रभारी संतोष कुमार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया. इस अवसर पर वार्ड पार्षद मो गुलाब, नगर पंचायत के नगर प्रबंधक प्रभात मिंज, मुखिया शिव चरण हांसदा, साहेब राम मांडी, मोहन सोरेन, दासो हेंब्रम, जादू हेंब्रम, मंजू टुडू, दानगी सोरेन, पतित पावन दास, समीर दास समेत अन्य उपस्थित थे.













