जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव में उस वक्त मामला गंभीर हो गया जब भाजपा समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह ने सुधा गुप्ता के प्रचार में लगे उपेंद्र सिंह मस्तान पर धमकाने का आरोप लगाया. मानगो नगर निगम क्षेत्र चुनाव में महापौर पद की प्रत्याशी संध्या सिंह ने चुनाव प्रचार के दौरान धमकी दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने प्रशासन से शिकायत कर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने एवं सुरक्षा की मांग की है. संध्या सिंह ने बताया कि दिनांक 22 फरवरी शनिवार की संध्या लगभग 6:30 बजे, मानगो रोड नंबर-15 स्थित मरीना सिटी क्षेत्र में वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ बूथ प्रबंधन की जानकारी प्राप्त कर रही थीं. इसी दौरान पूर्व मंत्री बना गुप्ता के करीबी बताए जा रहे उपेंद्र सिंह उर्फ मस्तान सिंह मौके पर पहुंचे. (नीचे भी पढ़े)
आरोप है कि उपेंद्र सिंह, जिनका पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और जिनके गैंगस्टर गिरोह से जुड़े होने की चर्चा रही है, उन्होंने वहां मौजूद बूथ देख रहे कार्यकर्ता पप्पू सिंह एवं स्वयं संध्या सिंह को खुलेआम धमकी दी. उन्होंने कहा कि देख लेंगे, बर्बाद कर देंगे, जिससे वहां भय का माहौल उत्पन्न हो गया. संध्या सिंह ने कहा कि उक्त व्यक्ति आपराधिक प्रवृत्ति का है और चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की हरकत कर रहा है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए और क्षेत्र में निष्पक्ष, भयमुक्त चुनाव संपन्न कराया जाए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज उपलब्ध है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन को सौंपा जाएगा. साथ ही उन्होंने स्वयं एवं अपने कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है.(नीचे भी पढ़े)
दूसरी ओर, उपेन्द्र सिंह मस्तान ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा हैं कि नीरज सिंह धनबल का उपयोग कर रहे हैं. मरीना सिटी में खुलेआम दारू पार्टी और पैसा वितरण संध्या सिंह के निर्देश पर हो रहा हैं. जब मुझे जानकारी हुई तो पंहुचा जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा हैं. अपनी संभावित हार को देखते हुए ये षड्यंत्र किया जा रहा हैं और दारू और पैसे के बल पर चुनाव को प्रभावित किया जा रहा हैं. जिला प्रशासन से मांग हैं कि इसपर उचित कार्यवाई करें. उन्होंने कहा कि पिछले 2 साल से जब मैं विधायक सरयू राय के साथ था तो पप्पू सिंह मेरी चमचागिरी करते थे, ऐसे लोगों को मानगो की जनता जरूर जवाब देगी.














