जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत इच्छापुर ग्वालापाड़ा में सोमवार को निकाय चुनाव के दौरान हुआ एक विवाद हिंसा में बदल गया. घटना में विशाल सिंह नामक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति नाजुक बताई है. मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को मतदान के दौरान किसी बात को लेकर विशाल सिंह और विशाल महतो के बीच कहासुनी हुई थी. आरोप है कि विवाद के बाद विशाल महतो ने कथित रूप से विशाल सिंह के घर में घुसकर उन पर चाकू से हमला कर दिया. (नीचे भी पढ़े)
हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति देखी गई, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से हालात नियंत्रण में हैं. पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है. मामले की जांच जारी है.














