आदित्यपुर : गम्हरिया स्थित टाटा स्टील टीजीएस ग्राउंड में 22 फरवरी 2026 को पैशनेट लीजेंड्स कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हुआ. इस टी20 लेदर बॉल प्रतियोगिता का आयोजन पैशनेट वेटरन्स क्रिकेट क्लब की ओर से किया गया, जो सुबह 8 बजे से रात 9:30 बजे तक चला. टूर्नामेंट में एवरग्रीन वेटरन्स, लेजेंडरी वेटरन्स, विंटेज वेटरन्स और इंडियन पोस्टल सर्विसेज झारखंड की टीमों ने भाग लिया. फाइनल मुकाबला एवरग्रीन वेटरन्स और इंडियन पोस्टल सर्विसेज के बीच खेला गया. पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडियन पोस्टल सर्विसेज ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 226 रन बनाए. जवाब में एवरग्रीन वेटरन्स की टीम 20 ओवरों में 132 रन पर ऑल आउट हो गई. इस तरह इंडियन पोस्टल सर्विसेज ने 94 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया, जबकि एवरग्रीन वेटरन्स उपविजेता रही. (नीचे भी पढ़ें)
टूर्नामेंट में व्यक्तिगत प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा. मैच नंबर 1 में एवरग्रीन वेटरन्स के नीतेश झा ने 2.4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता. मैच नंबर 2 में इंडियन पोस्टल सर्विसेज के दीपक कुमार ने 4 ओवर में 8 रन देकर 5 विकेट हासिल किए और मैन ऑफ द मैच बने. मैच नंबर 3 में विंटेज वेटरन्स के सुमंजित चौधरी ने 38 गेंदों में 64 रन की शानदार पारी खेली और मैन ऑफ द मैच रहे. टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार इंडियन पोस्टल सर्विसेज के रोहित वर्मा को 95 रनों की पारी के लिए दिया गया. उन्हें ही प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया. सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार इंडियन पोस्टल सर्विसेज के खिलाड़ी को 6 विकेट लेने के लिए प्रदान किया गया. विंटेज वेटरन्स के कंचन दत्ता को बेस्ट कैच, इंडियन पोस्टल सर्विसेज के आनंद को बेस्ट फील्डर तथा लेजेंडरी वेटरन्स के सुमंत मेडिरत्ता को बेस्ट विकेटकीपर का पुरस्कार दिया गया. सुमंत ने एक रन आउट, दो कैच और तीन स्टंपिंग का शानदार प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंडियन पोस्टल सर्विसेज झारखंड सर्कल के निदेशक आरवी चौधरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन अनुभवी खिलाड़ियों को मंच प्रदान करते हैं और खेल भावना को मजबूत करते हैं. उन्होंने भविष्य में भी ऐसे टूर्नामेंट जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया. टूर्नामेंट का आयोजन अनुशासित और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों ने भी भरपूर आनंद लिया.














