जमशेदपुर : झारखंड में हुए नगर निकाय चुनाव की मतगणना 27 फरवरी को होने जा रहा है. पूरे राज्य में सारे नगर निकायों की मतगणना होगी. राज्य में कुल 48 नगर निकायों की मतगणना का कार्य अलग अलग स्थानों पर होना है. जमशेदपुर में मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत के चुनाव की मतगणना का काम जमशेदपुर के परसुडीह स्थित ब्लॉक ऑफिस में होने जा रहा है. इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है. मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है. वहीं, सारे प्रत्याशियों का टेंट भी सजकर तैयार है. (नीचे भी पढ़े)
प्रत्याशियों की धड़कनें तेज है. मानगो नगर निगम में मेयर के पद पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता चुनाव लड़ रही है. वहीं, उनके खिलाफ भाजपा की समर्थित प्रत्याशी और भाजपा नेता नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह, कांग्रेस से निष्कासित नेता जेबा खान, जेबा कादरी, भाजपा से निष्कासित नेता राजकुमार श्रीवास्तव की कुमकुम श्रीवास्तव, चिकित्सक डॉ विनिता सहाय उम्मीदवार है. वहीं, जुगसलाई नगर परिषद के चुनाव में अध्यक्ष पद पर झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की पत्नी नौशीन खान, भाजपा की समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह, झामुमो की समर्थित प्रत्याशी डॉली मल्लिक के अलावा निलुफर हुसैन, बलबीर कौर, इंदू देवी समेत अन्य लोग उम्मीदवार है. सारे प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो चुकी है. इसी तरह पड़ोस के कपाली, आदित्यपुर, सरायकेला, चाईबासा और चक्रधरपुर में भी मतगणना होना है.



