जमशेदपुर : जमशेदपुर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर डेनफीट इंटरनेशनल द्वारा कैलिफोर्निया टेलीविजन ग्लोबल के सहयोग से 24 मार्च 2026 (मंगलवार) को ‘नवदुर्गा नृत्यम’ शीर्षक से एक भव्य भारतीय शास्त्रीय नृत्य बैठकी का आयोजन किया जा रहा है. यह सांस्कृतिक संध्या मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विविध विधाओं के माध्यम से भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करेगी.
कार्यक्रम सायं 6:00 बजे से संस्था के कार्यालय कदमा जमशेदपुर में आरंभ होगा. इस विशेष अवसर पर जमशेदपुर एवं पश्चिम बंगाल के प्रतिभाशाली युवा कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से मां दुर्गा की दिव्य शक्तियों, गुणों एवं आध्यात्मिक महिमा का सजीव चित्रण करेंगे. कार्यक्रम की प्रमुख आकर्षण के रूप में कोलकाता से आमंत्रित अतिथि कलाकार – देवलीना लाहिरी (एकल कथक), अंशिका दाश (एकल भरतनाट्यम), अद्रिजा चौधरी (एकल ओडिसी) अपनी शास्त्रीय शैली की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देंगी.
‘नवदुर्गा नृत्यम’ का मुख्य उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ मंच प्रदान करना एवं युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है. यह आयोजन नृत्य, भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा. कार्यक्रम का निर्देशन सुप्रसिद्ध नृत्य निर्देशिका मिष्टु मुखर्जी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है, जिनके नेतृत्व में यह संध्या कला और संस्कृति का एक यादगार उत्सव सिद्ध होगी. आयोजकों ने शहर के सभी कला प्रेमियों, गणमान्य अतिथियों एवं नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इस पावन अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ा
एं.







