जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा निवासी और उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत तीरंदाज श्रेय भारद्वाज ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई में आयोजित 14वीं ऑल इंडिया पुलिस आर्चरी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. यह प्रतियोगिता 23 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स प्रथम वाहिनी, दुर्ग-भिलाई में आयोजित की गयी थी. श्रेय भारद्वाज टाटा आर्चरी एकेडमी के पूर्व कैडेट रह चुके हैं और वर्तमान में साई एनसीओई, कोलकाता में कोच रूपेश सिंह के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

प्रतियोगिता में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक अपने नाम किए, जिसमें 2 गोल्ड, 4 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. इसके साथ ही श्रेय भारद्वाज ने 30 मीटर स्पर्धा में भी नया रिकॉर्ड कायम किया. उन्होंने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 360 में 356 के स्कोर को पीछे छोड़कर 360 में 357 अंक हासिल कर नया रिकॉर्ड बना दिया. श्रेय की इस उपलब्धि से जमशेदपुर और टाटा आर्चरी एकेडमी का नाम देशभर में गौरवान्वित हुआ है. उनकी इस सफलता पर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है.







