जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर के सोनारी क्षेत्र से 18 वर्षीय एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और युवती की तलाश जारी है. मिली जानकारी के अनुसार लापता युवती को-ऑपरेटिव कॉलेज में 12वीं (साइंस) की छात्रा बताई जा रही है. परिजनों का कहना है कि वह पढ़ाई के साथ-साथ वीडियो शूटिंग से जुड़े प्रोजेक्ट्स में भी काम करती थी. परिवार के मुताबिक 28 तारीख की दोपहर करीब 2 बजे युवती घर से यह कहकर निकली थी कि वह शूटिंग के सिलसिले में जा रही है. इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी. काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों के अनुसार युवती पहले भी सोनारी के कागलमगर टेम्पो स्टैंड क्षेत्र स्थित जमशेदपुर म्यूजिक फैक्ट्री (जेएमएफ) के माध्यम से शहर के विभिन्न इलाकों में होने वाली शूटिंग में जाया करती थी. 28 फ़रवरी को भी उसने अपनी मां को शूटिंग पर जाने की बात बताई थी. बताया जा रहा है कि बाद में 1 या 2 मार्च को उसकी अपनी मां से फोन पर थोड़ी बातचीत हुई थी, जिसमें उसने होली से पहले घर लौटने की बात कही थी. लेकिन इसके बाद से उसका परिवार से संपर्क नहीं हो पाया है. (नीचे भी पढ़ें)
परिवार के अनुसार युवती के पास तीन मोबाइल नंबर हैं. इनमें से दो नंबर फिलहाल स्विच ऑफ बताए जा रहे हैं, जबकि एक नंबर पर कॉल लग रही है लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर रही है. परेशान परिजनों ने संबंधित शूटिंग ऑफिस जाकर भी जानकारी लेने की कोशिश की. वहां मौजूद लोगों ने बताया कि फिलहाल कोई शूटिंग निर्धारित नहीं है. इसके बाद परिजनों ने उसके साथ काम करने वाले अन्य लोगों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई. इस संबंध में परिजनों ने स्थानीय थाना और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में लिखित शिकायत दी है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और युवती की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.






