जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह बागान टोला मैदान में आदिवासी हातु बाहा पोरोब समिति की ओर से बाहा पर्व धूमधाम से मनाया गया. इस पारंपरिक पर्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू और जिला परिषद् सदस्य कुसुम पुर्ती शामिल हुईं. दोनों अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बाहा पर्व आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है. ऐसे आयोजन समाज की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों और पारंपरिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. सभी महिलाएं पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में नजर आईं, जिससे कार्यक्रम की सांस्कृतिक गरिमा और भी बढ़ गई. प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर राम चंद्र तियू, गंगा राम बानरा, प्रीति हेंब्रम, मोसो बिरुआ, हातु मुंडा, दोसमा बिरुली, गंगा राम मुड़िया, निमिया पुर्ती, सुमी हेंब्रम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि बाहा पर्व का यह आयोजन पिछले कई वर्षों से लगातार होता आ रहा है और हर साल इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ती जा रही है. इस तरह के कार्यक्रम समाज में एकता, संस्कृति और परंपरा को मजबूत करने का काम करते हैं.







